पुणे विस्फोट की जांच तेजी से हो : प्रधानमंत्री (लीड-1)
प्रधानमंत्री कार्यालय के एक सूत्र ने बताया कि प्रधानमंत्री ने इस मामले की जांच में तेजी लाने और समन्वित व प्रभावी कार्रवाई करने के लिए महाराष्ट्र सरकार को निर्देश देने के साथ ही केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदम्बरम से कहा कि वह जल्द से जल्द इस हमले के दोषियों को सलाखों के पीछे लाना और पीड़ितों को न्याय दिलाना सुनिश्चित करें।
चिदंबरम ने इससे पहले रविवार को प्रधानमंत्री से मुलाकात कर उन्हें पुणे विस्फोट से उपजे हालात की जानकारी दी। बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने वहां की स्थिति की समीक्षा की।
चिदंबरम ने प्रधानमंत्री को अपने पुणे दौरे और जांच में हुई प्रगति की जानकारी दी।
प्रधानमंत्री ने पीड़ितों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। इसके अलावा सभी मृतकों के करीबी संबंधियों को प्रधानमंत्री राहत कोष से दो लाख रुपये तथा घायलों को एक लाख रुपये की राहत राशि देने की घोषणा की है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि विस्फोट में हताहत होने वालों के परिजनों को सरकार हर तरह की सहायता उपलब्ध कराएगी।
पुणे की जर्मन बेकरी में शनिवार शाम हुए विस्फोट में नौ लोग मारे गए तथा 57 घायल हो गए थे। मुंबई पर नवंबर 2008 में हुए आतंकी हमले के बाद देश में यह सबसे बड़ी आतंकी घटना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications