हैदराबाद सहित 9 जिलों में एक दिन का बंद
क्षेत्र में व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद हैं और राज्य सड़क परिवहन निगम ने बस सेवाएं स्थगित कर दी हैं। तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने कई स्थानों पर प्रदर्शन किए और वाहनों को रोका। पुलिस ने कहा कि प्रदर्शनकारियों ने मेंढक और वारंगल जिलों में कई स्थानों पर बसों को क्षतिग्रस्त किया और कांग्रेस पार्टी के कार्यालयों पर हमले किए।
निवारक उपायों के तहत पुलिस ने शुक्रवार रात से कई तेलंगाना समर्थकों को गिरफ्तार किया। छात्रों के हिंसक आंदोलन की आशंका से उस्मानिया विश्वविद्यालय में भारी संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया। विश्वविद्यालय अलग तेलंगाना राज्य की मांग के आंदोलन का केंद्र बना हुआ है।
टीआरएस के 10 विधायक विधानसभा अध्यक्ष को आज दिन में इस्तीफा देंगे। टीआरएस प्रमुख के.चंद्रशेखर राव ने पहले ही कह दिया है कि समिति के लिए घोषित किया गया कार्यक्षेत्र तेलंगाना राज्य के गठन के पक्ष में नहीं हैं और इसके विरोध में टीआरएस के सभी 10 विधायक, दो सांसद और एकमात्र विधानपरिषद सदस्य इस्तीफा देंगे।
केंद्र सरकार द्वारा शुक्रवार को समिति के लिए घोषित सात कार्यक्षेत्रों के अनुसार पांच सदस्यीय समिति पृथक तेलंगाना के गठन और आंध्र प्रदेश के वर्तमान स्वरुप को कायम रखने की मांग पर भी विचार करेगी। समिति को 13 दिसम्बर तक अपनी रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।













Click it and Unblock the Notifications