पुणे आतंकी हमले में 8 की मौत, 32 घायल (लीड-3)
नई दिल्ली में गृह सचिव जी.के.पिल्लै ने कहा, "प्रथम दृष्टया यह आतंकी हमला प्रतीत हो रहा है।" उन्होंने कहा कि अब तक जानकारी के अनुसार विस्फोट में आठ लोगों की मौत हो गई और 32 अन्य घायल हुए हैं।
इस विस्फोट की अगर आतंकी हमले के रूप में पुष्टि होती है तो मुंबई में 26/11 को हुए विस्फोट के बाद यह पहला बड़ा आतंकी हमला होगा।
संयुक्त पुलिस आयुक्त आर.सोनावाने ने संवाददाताओं से कहा कि यह संदिग्ध बम विस्फोट है, फिलहाल हम इसकी पुष्टि कर रहे हैं। प्रथम दृष्टया यह बम विस्फोट प्रतीत हो रहा है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है।
घायलों को शहर के विभिन्न सरकारी और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें ससून, रूबी और जहांगीर अस्पताल शामिल है।
माना जाता है कि इस विस्फोट के निशाने पर विदेशी नागरिक हो सकते हैं। 22 साल पुरानी इस बेकरी में विदेशी नागरिकों का आना-जाना लगा रहता था। यहां से कुछ ही दूरी पर ओशो आश्रम स्थित है।
घटनास्थल पर दमकल की कम से कम पांच गाड़ियां आग बुझाने के काम में जुटी हुई हैं। पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है।
पुणे आतंकवाद निरोधक दस्ता और बम निरोधक दस्ता घटनास्थल पर पहुंच गई है मुंबई आतंकवाद निरोधक दस्ता पुणे के लिए रवाना हो चुकी है।
विस्फोट के तत्काल बाद बेकरी पूरी तरह आग की लपटों में घिर गई जिससे शुरू में यह संदेह व्यक्त किया गया कि संभवत: यह सिलेंडर विस्फोट हो।
बताया जाता है कि विस्फोट काफी शक्तिशाली था जिसकी आवाज दूर तक सुनी गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications