फर्जी दस्तावेज दिखाकर तिहाड़ जेल से फरार हुआ कैदी
नई दिल्ली, 13 फरवरी (आईएएनएस)। तिहाड़ जेल प्रशासन के तमाम दावों को झुठलाते हुए हाई सिक्योरिटी वार्ड में बंद एक कैदी प्रशासन को फर्जी दस्तावेज दिखाकर फरार हो गया।
गुजरात में रहने वाले संदीप परमार को जेल नंबर आठ में रखा गया था। वह 10 फरवरी को जेल से फरार हो गया। संदीप को दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने वर्ष 2008 में अपहरण के एक मामले में फिरौती मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया था।
जेल प्रवक्ता सुनील गुप्ता ने आईएएनएस को बताया कि परमार ने जिला जज एम.के.कौशिक के द्वारा हस्ताक्षरित और स्टांप लगा आदेश प्रस्तुत किया था ।
उन्होंने कहा, "हमारे पास अदालत का आदेश था अत: हमने उसको छोड़ दिया। उसकी फरारी हमारी गलती नहीं है।"
गौरतलब है कि यह मामला उस समय प्रकाश में आया जब संदीप परमार की तरह ही एक अन्य कैदी संदीप सिंह के परिजनों ने जेल अधिकारियों के सामने अंतरिम जमानत के आदेश प्रस्तुत किए। संदीप सिंह को जेल नंबर 3 में बंद किया गया था।
गुप्ता ने बताया कि एक ही नाम होने की वजह से गफलत पैदा हुई। सिंह के परिजनों ने भी उसकी रिहाई की मांग की और उसे भी छोड़ दिया गया। लेकिन जब हमने जिला जज के साथ इस मामले की जांच की तो उन्होंने अंतरिम जमानत आदेश पर हस्ताक्षर करने से इंकार कर दिया और उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी। इस मामले में हरिनगर थाने में 11 फरवरी को शिकायत दर्ज कराई गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications