हैवी इंजीनियरिंग कार्पोरेशन को मिलेगा नवरत्न दर्जा
रांची, 13 फरवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री विलासराव देशमुख ने शनिवार को कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी हैवी इंजीनियरिंग कार्पोरेशन (एचईसी) को नवरत्न का दर्जा दिया जाएगा। इस कंपनी को शेयर बाजार में भी सूचीबद्ध कराया जाएगा।
देशमुख ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि एचईसी नवरत्न कंपनी के सभी मानकों पर खरी है। लगातार पिछले तीन सालों में कंपनी ने मुनाफा दर्ज किया है। यह मुनाफा भले ही कम हो, लेकिन इसमें नवरत्न कंपनी बनने की क्षमता है।
देशमुख ने कहा कि एचईसी को शेयर बाजार में सूचीबद्ध कराना हमारी प्राथमिकता है।
एचईसी के काम के मूल्यांकन के लिए देशमुख रांची में थे। वर्ष 1958 में स्थापित एचईसी, देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के सपनों की कंपनी थी।
देशमुख ने कहा, "क्षमता के बावजूद एचईसी को रेलवे, रक्षा और अन्य क्षेत्रों से आर्डर नहीं मिलते। हम रेलवे और रक्षा मंत्रालय से एचईसी के लिए काम देने का अनुरोध करेंगे।
विशेष पैकेज के सवाल पर उन्होंने कहा, "कंपनी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक से मशीनों के आधुनिकीकरण संबंधी प्रस्ताव को तैयार करने को कहा गया है। हम योजना आयोग से एचईसी के लिए विशेष पैकेज देने का अनुरोध करेंगे। "
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications