स्मार्ट क्लॉथ से चलेंगे छोटे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण!
वाशिंगटन, 13 फरवरी (आईएएनएस)। इंजीनियरों ने ऊर्जा का इस्तेमाल करने वाले नैनो तंतु विकसित किए हैं। एक दिन कपड़े और वस्त्र बुनने में इन तंतुओं का इस्तेमाल हो सकता है।
युनीवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, बर्कले (यूसीबी) के शोधकर्ताओं द्वारा किए गए नए अध्ययन के मुताबिक ये नैनो तंतु यांत्रिक तनाव से पैदा हुई ऊर्जा को विद्युत ऊर्जा में बदल सकते हैं और एक दिन इन तंतुओं का इस्तेमाल वस्त्र बनाने में हो सकता है। इन वस्त्रों से उत्पन्न विद्युत ऊर्जा से छोटे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण काम कर सकेंगे।
यूसीबी में मैकेनिकल इंजीनियरिंग के प्रोफेसर और नैनो तंतु विकसित करने वाले दल के प्रमुख लिवी लिन ने कहा, "इस प्रौद्योगिकी से पहनने योग्य स्मार्ट क्लॉथ्स बनाए जा सकते हैं। ये कपड़े शरीर की साधारण गतिविधियों के माध्यम से हाथ से चलने वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में बिजली पैदा कर सकते हैं।"
ये नैनो तंतु कार्बनिक पॉलीविनाइलीडीन फ्लोराइड या पीवीडीएफ से बने हुए हैं। ये तंतु लचीले होते हैं और इनका निर्माण करना अपेक्षाकृत सरल और सस्ता है।
यूसीबी की विज्ञप्ति के मुताबिक लिन कहते हैं कि नैनो तंतु बहुत छोटे होते हैं और उन्हें कपड़े बुनने में इस्तेमाल किया जा सकता है यद्यपि अभी इस दिशा में और शोध जारी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications