बेंगलुरूवासियों ने सीखा बेकार चीजों से कलात्मक वस्तुएं बनाना
बेंगलुरू, 13 फरवरी (आईएएनएस)। बेंगलुरूवासियों ने शनिवार को बेकार पड़ी सीडी, कांच, फर्नीचर, प्लास्टिक और कागज से कलात्मक वस्तुएं बनाने और शहर को स्वच्छ रखने का सबक सीखा।
इंजीनियर से पेंटर बनीं सुजाता टिबरेवाला के नेतृत्व में सात कलाकारों के एक समूह ने पूर्वी बेंगलुरू की डिफेंस कॉलोनी में लोगों को बेकार वस्तुओं से खूबसूरत कलाकृतियां बनाना सिखाया।
सुजाता और उनके कलाकार मित्रों रेखा हेबर राव, भारती सागर, हरि के. पी., तेजस्वी जैन, टोनी रोच और श्रीनिवास राव सगीची ने पहली बार इस तरह के कार्यक्रम का आयोजन किया है।
सुजाता ने आईएएनएस से कहा कि वह इस कार्य में मिले लोगों के सहयोग से खुश हैं, यद्यपि उन्हें और अधिक सहयोग की अपेक्षा थी।
कलाकारों ने समय-समय पर इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई है। सुजाता ने कहा, "हम समय-समय पर साप्ताहिक/मासिक कार्यशालाएं आयोजित करेंगे।"
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, खड़गपुर और भारतीय विज्ञान संस्थान, बेंगलुरू की पूर्व छात्रा सुजाता का कहना है कि इस पहल का मकसद है कि लोग कला के आनंद को महसूस करें और आगे चलकर कलाकार बनें।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications