नेपाल में मीडिया मुगल की हत्या के बाद पत्रकारों को मिली धमकियां
काठमांडू, 13 फरवरी (आईएएनएस)। नेपाल राजधानी काठमांडू में पिछले सप्ताह विवादित मीडिया मुगल जमीम शाह की हत्या के बाद देश के दो बड़े मीडिया समूहों के पत्रकारों को जान से मारने की धमकी मिली है।
नेपाल के सबसे बड़े निजी मीडिया संगठन 'कांतिपुर समूह' के मुताबिक, उसके प्रबंध निदेशक और 'कांतिपुर' व उसके अंग्रेजी प्रकाशन 'द काठमांडू पोस्ट' के संपादक को फोन और ई-मेल पर जान से मारने की धमकी मिली है।
इन अखबारों ने शनिवार को इस संबंध में खबर प्रकाशित की। 'कांतिपुर' समाचार पत्र ने अपने पहले पृष्ट पर लिखा कि फोन पर एक पुरुष ने संपादक सुधीर शर्मा से कहा कि जमीम की मौत से संबंधित खबरों का प्रकाशन तुरंत बंद कर दें, अन्यथा उन्हें 15 दिनों के भीतर गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे।
एक अन्य मीडिया समूह द्वारा संचालित एक दैनिक के पत्रकारों को ई-मेल के माध्यम से धमकी दी गई है, जिसकी प्रति आईएएनएस के पास है।
पुलिस के अनुसार 'हिमालयन टाइम्स' और नेपाली में 'अन्नपूर्णा पोस्ट' का प्रकाशन करने वाले एक अन्य चर्चित मीडिया समूह को भी फोन पर ऐसी ही धमकियां मिली हैं, जबकि दो अन्य दैनिकों ने धमकी के संबंध में कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया।
काठमांडू के पुलिस प्रमुख गणेश केसी ने कहा कि धमकी मिलने की शिकायत के बाद पुलिस ने इन अखबारों के दफ्तरों की निगरानी बढ़ा दी है।
अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, "हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि वहां कोई अप्रिय घटना न हो।"
उल्लेखनीय है कि नेपाल में एक निजी टेलीविजन केंद्र चैनल 'नेपाल' और केबल टेलीविजन नेटवर्क 'स्पेस टाइम नेटवर्क' के प्रमुख जमीम शाह की काठमांडू के दूतावास इलाके में रविवार दोपहर दो मोटर साइकिल सवारों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
शाह पर अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का करीबी होने का आरोप था। मुंबई में कई बम विस्फोटों के मामले में भी वह वांछित था।
शाह के मौत की जिम्मेदारी भरत नेपाली नामक व्यक्ति ने ली है, जिसने अपने आपको छोटा राजन गैंग का पुराना सदस्य बताया है। आधिकारिक तौर पर हालांकि इस हत्या में नेपाली के शामिल होने की पुष्टि नहीं की गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications