महाराष्ट्र के सभी थियेटरों में रिलीज हुई 'माई नेम..' (लीड-1)
मुंबई, 13 फरवरी (आईएएनएस)। शाहरुख खान अभिनीत फिल्म 'माई नेम इज खान' मुंबई, पुणे के सभी थियेटरों सहित पूरे महाराष्ट्र में रिलीज हो गई है। निर्देशक करन जौहर के एक प्रवक्ता ने शनिवार को यह जानकारी दी।
प्रवक्ता ने आईएएनएस से कहा, "मुंबई, पुणे और महाराष्ट्र के सभी थियेटरों में 'माई नेम इज खान' रिलीज हो गई है।"
इस बीच बर्लिन फिल्म महोत्सव में अपनी फिल्म के प्रीमियर के लिए पहुंचे करन जौहर ने एक एसएमएस के जरिए कहा है कि वह वास्तव में यह कामना कर रहे थे कि जब वह अपने घर पहुंचे तो फिल्म रिलीज हो चुकी हो। करन के मुताबिक उन्हें उनकी पहले की किसी भी फिल्म के लिए इतना प्यार नहीं मिला जितना इस फिल्म के लिए मिला है।
शुक्रवार को मुंबई के 13 थियेटरों में फिल्म रिलीज हुई थी। इनमें छह मल्टीप्लेक्स और चार एकल पर्दे वाले सिनेमाघर शामिल हैं। वास्तव में इस फिल्म का 63 थियेटरों में प्रदर्शन होना था।
इस बीच शाहरुख की पत्नी गौरी खान शनिवार को प्रशंसकों से बात करने के लिए दो थियेटरों में पहुंचीं।
खबरों के मुताबिक गौरी बांद्रा के नजदीक वडाला के आईमैक्स थियेटर और शहर के मेट्रो थियेटर में पहुंचीं।
पुलिस ने बताया कि शनिवार को थियेटरों में फिल्म के प्रदर्शन के दौरान कोई अप्रिय स्थिति नहीं बनी।
शाहरुख द्वारा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में पाकिस्तानी खिलाड़ियों को शामिल करने पर दिए अपने बयान पर माफी मांगने से इंकार करने के बाद शिव सेना ने उनकी फिल्म का विरोध शुरू कर दिया था लेकिन शुक्रवार को सेना के विरोध को धता बताते हुए प्रशंसक फिल्म देखने पहुंचे।
महाराष्ट्र के गृह मंत्री आर.आर.पाटील और गृह राज्य मंत्री रमेश बाग्वे ने भी दक्षिण मुंबई के आईनॉक्स सिनेमा में टिकट खरीदकर फिल्म देखी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications