टीआरएस ने तेलंगाना मसले पर इस्तीफों का फैसला टाला
हैदराबाद, 13 फरवरी (आईएएनएस)। पृथक तेलंगाना राज्य के लिए आंदोलन का नेतृत्व कर रही तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) ने सर्वदलीय संयुक्त कार्यसमिति (जेएसी) के आह्वान के बाद शनिवार को अपने सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों के इस्तीफे के फैसले को टाल दिया।
संबंधित सदन अध्यक्षों को इस्तीफे सौंपने से पहले अब टीआरएस सांसद, सभी 10 विधायक और विधान परिषद का एक सदस्य जेएसी के निर्णय का इंतजार करेंगे।
विधानसभा में टीआरएस विधायक दल के नेता ई.राजेंद्र ने संवाददाताओं को बताया कि शनिवार शाम की बैठक में यदि जेएसी ने इस्तीफों पर कोई निर्णय नहीं लिया तो टीआरएस रविवार को इस्तीफों के फैसले पर आगे बढ़ेगी।
पृथक तेलंगाना राज्य के गठन पर विचार के लिए गठित श्रीकृष्ण समिति के निर्धारित कार्यक्षेत्र के विरोध में टीआरएस प्रमुख के.चंद्रशेखर ने शुक्रवार को ही पार्टी के सभी सांसदों और विधायकों के सामूहिक इस्तीफे की घोषणा की थी।
समिति के कार्यक्षेत्र को तेलंगाना के गठन के अनुकूल नहीं बताते हुए टीआरएस ने उसे खारिज कर दिया था और क्षेत्र के सभी दलों के विधायकों से इस्तीफा देने का आग्रह किया।
टीआरएस का यह एकतरफा फैसला कांग्रेस और तेलुगू देशम पार्टी की आलोचना के घेरे में आ गया।
जेएसी संयोजक एम.कोदांदरम टीआरएस विधायकों से मिले और उन पर अपना निर्णय स्थगित करने के लिए दबाव डाला।
जहां तेलुगू देशम पार्टी के सभी विधायकों ने इस्तीफा देने की इच्छा जताई वहीं कुछ कांग्रेस नेताओं में इस पर मतभेद हैं और कुछ ने तो श्रीकृष्ण समिति के कार्यक्षेत्र का स्वागत किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications