अमेरिका में गोलीबारी, भारतीय प्रोफेसर सहित 3 मरे (लीड-2)
अरुण कुमार
वाशिंगटन, 13 फरवरी (आईएएनएस)। अमेरिका केअलाबामा विश्वविद्यालय में शुक्रवार को गोलीबारी में एक भारतीय प्रोफेसर सहित तीन शिक्षकों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। गोलीबारी करने वाली महिला विश्वविद्यालय की फ्रोफेसर बताई गई है।
स्थानीय मीडिया की खबरों के अनुसार स्कूल विश्वविद्यालय के प्रवक्ता रे गार्नर ने बताया कि गोलीबारी करने वाली संदिग्ध महिला प्रोफेसर को पकड़ लिया गया है। एक अन्य व्यक्ति को भी हिरासत में लिया गया। कहा गया है कि यह महिला प्रोफेसर अपना कार्यकाल न बढ़ाए जाने से क्षुब्ध थी और संभवत: इसी वजह से उसने गोलीबारी की।
गार्नर ने कहा कि इस गोलीबारी में जीव विज्ञान विभाग के प्रमुख प्रोफेसर गोपी पोडिला, जीव विज्ञान की एसोसिएट प्रोफेसर मारिया डेविस और एड्रियल जॉनसन मारे गए। पोडिला भारतीय मूल के थे।
उन्होंने कहा कि यह घटना शुक्रवार शाम चार बजे से ठीक पहले की है। विश्वद्यिालय को 19 फरवरी तक के लिए बंद कर दिया गया है।
पुलिस अभी इस महिला की पहचान नहीं बता रही है। परंतु कुछ खबरों में इस महिला का नाम एमी बिशप बताया गया है जो विश्वविद्यालय में तंत्रिका विज्ञान की शिक्षिका है। स्थानीय समाचार पत्र 'हंट्सविले टाइम्स' के मुताबिक एमी बिशप को शुक्रवार को यह पता चला कि उसका कार्यकाल नहीं बढ़ाया जा रहा है।
अखबार का कहना है कि एमी ने कार्यकाल बढ़ाने का आवेदन किया था परंतु इसे स्वीकार नहीं किया गया। उसके पति का नाम जिम एंडरसन बताया गया है।
हंट्सविले पुलिस के प्रमुख हेनरी रिएस इस आशंका से इंकार नहीं किया गया है कि घटना में एक से अधिक लोग शामिल हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की इमारत से बाहर संदिग्ध को हिरासत में लिया गया। आरोपी के पास कोई हथियार बरामद नहीं किया गया और पूछताछ की जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications