राजस्थान में मनरेगा के प्रयोग का अनुसरण करेगा हिमाचल
शिमला, 11 फरवरी (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश के ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री जयराम ठाकुर ने गत दिनों अपने राजस्थान प्रवास के दौरान विभिन्न ग्राम पंचायतों में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत किए जा रहे विकास कायरें का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि मनरेगा के कार्यान्वयन में राजस्थान देश भर में अव्वल राज्य है तथा यहां के सफल प्रयोग हिमाचल प्रदेश के लिए भी हितकारी सिद्ध होंगे।
मंत्री ने बताया कि राजस्थान में मनरेगा के अंतर्गत निष्पादित किए जा रहे कायरें में महिलाओं की सहभागिता 80 प्रतिशत से भी अधिक है। उन्होंने कहा कि राज्य में इस प्रकार महिलाओं की भागीदारी महिला सशक्तिकरण की ओर एक सकारात्मक प्रयास है।
इस दौरान जय राम ठाकुर ने कार्यस्थलों पर महिला कामगारों के बैंक/डाकघर खाते, आय में अपेक्षाकृत वृद्घि, मनरेगा के औजार, मेट पद्घति, अनुश्रवण इत्यादि विषया पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने राजस्थान में पंचायती राज प्रणाली तथा विकास खण्डों की कार्य पद्घति के विषय में विकास अधिकारियों एवं विभिन्न स्तर के कर्मचारियों एवं पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचित जन प्रतिनिधियों से भी विचार-विमर्श किया।
जयराम ठाकुर ने अपनी यात्रा के दौरान मनरेगा के कानूनी एवं तकनीकी पहलुओं के अतिरिक्त कार्य योजना, अनुसूचित जाति/ अनुसूचित जनजाति/महिलाएं/बीपीएल/अन्य पिछड़ा वर्ग इत्यादि के कल्याणार्थ चलाए जा रहें विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त की।
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री ने अपने राजस्थान दौरे को लाभप्रद बताया। उन्होंने कहा कि भविष्य में 'महिला प्रिय' औजार, दर अनुसूची, मजदूरी का तुरन्त भुगतान, कम्प्यूटरीकरण, प्रशिक्षण, जनसहभागिता, गुणवत्ता, पारदर्शिता, जन शिकायत निवारण, विभिन्न विभागों को समन्सय, मेट पद्घति इत्यादि मनरेगा के अंतर्गत नियोजन, कार्यान्वयन एवं अनुश्रवण का अहम् पहलू रहेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications