उत्तर प्रदेश में बारिश से ठंड बढ़ी

मौसम विभाग के मुताबिक हिमालय से सटे हिमाचल प्रदेश, उत्तराखण्ड, पंजाब तथा जम्मू एवं कश्मीर में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर प्रदेश के कई इलाकों बारिश की परिस्थितियां बनीं। मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने यहां शुक्रवार को संवाददाताओं को बताया कि हल्की और मध्यम बारिश से हवायें सर्द हो गई हैं, जिनसे अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
तेज बारिश का अनुमान
उन्होंने कहा कि अगले 24 घंटों के दौरान मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में तेज बारिश हो सकती है। गुप्ता ने कहा कि आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ का असर हिमालय से सटे उत्तरी राज्यों में बना रहेगा। इस कारण इन राज्यों में बर्फबारी और बारिश जारी रहेगी और वहां से मैदानी इलाकों में आने वाली शीत लहर सर्दी बढ़ाएगी।
सुबह लखनऊ का न्यूनतम तापमान 15.0 डिग्री सेल्सियस, कानपुर का 15.7डिग्री सेल्सियस, वाराणसी का 16.0 डिग्री सेल्सियस और बरेली का 15.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उधर कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि इस समय राज्य में होने वाली हल्की और मध्यम बारिश गेंहू, सरसों, चना, मटर और मसूर की फसलों के लिए बहुत लाभदायक साबित होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications