बीज कोष बनाएगी सरकार
बेंगलुरू, 12 फरवरी (आईएएनएस)। किसानों को खाद्य सुरक्षा और आय सुरक्षा सुनिश्चित कराने के लिए सरकार बीज कोष स्थापित करने की योजना बना रही है।
केंद्रीय कृषि सचिव टी.नंद कुमार ने यहां संवाददाताओं को बताया, "हम बीज कोष बनाने के लिए ऊंची पैदावार देने वाले तथा कीट व रोक प्रतिरोधी बीजों के उत्पादन के लिए बीज उद्योग के साथ मिल कर काम कर रहे हैं। इस बीज कोष का इस्तेमाल मानसून के दौरान बाढ़ व सुखाड़ की विपरीत परिस्थितियों में किया जा सकता है।"
कुमार ने कहा कि मानसून की विफलता और देश के कई हिस्सों में सूखे के बावजूद 2008-09 के दौरान हुई अच्छी फसलों के कारण भरे भंडारों के चलते अनाजों की आपूर्ति प्रभावित नहीं हुई है। कुमार ने कहा कि प्रस्तावित बीज कोष भारतीय राष्ट्रीय बीज निगम या राज्य बीज निगम के रूप में स्वतंत्र भंडार के रूप में होंगे। इस कोष को प्रति वर्ष बनाया जाएगा।
भारतीय राष्ट्रीय बीज संघ द्वारा यहां आयोजित पहले भारतीय बीज कांग्रेस के मौके पर कुमार ने कहा, "ये बीज कोष देश भर के विभिन्न राज्यों में स्थित होंगे और किसानों की जरूरतों पर उनके लिए उपलब्ध होंगे। पंजाब, हरियाणा और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में जहां गेहूं का अधिक उत्पादन होता है, वहां हम गेहूं के बीज कोष बनाएंगे। आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु जैसे दक्षिणी राज्यों में हम धान के बीज कोष स्थापित करेंगे।"
कुमार ने कहा, "ठीक इसी तरह मक्के , दालों, खाद्य तेलों और अन्य खाद्य फसलों के लिए भी संबंधित राज्यों में बीज कोष बनाए जाएंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications