दिल्ली में 'माई नेम.' दिखाने वाले थियेटर में तोड़-फोड़
नई दिल्ली, 12 फरवरी (आईएएनएस)। पश्चिम दिल्ली के एक सिनेमा हॉल में शरारती तत्वों के एक समूह ने शुक्रवार सुबह तोड़-फोड़ की। इस सिनेमा हॉल में शाहरुख खान अभिनीत फिल्म 'माई नेम इज खान' का प्रदर्शन होना था। यद्यपि पुलिस का कहना है कि हमलावर किसी राजनीतिक दल से सम्बद्ध नहीं थे।
युवाओं ने पश्चिम दिल्ली के जनकपुरी इलाके के सत्यम जनक प्लेस सिनेमा हॉल की एक खिड़की का शीशा तोड़ दिया था।
उप पुलिस आयुक्त (पश्चिम) शरद अग्रवाल ने आईएएनएस से कहा, "शराब पीए हुए दो-तीन युवाओं ने शरारत करने के उद्देश्य से खिड़की का कांच तोड़ दिया था। उनमें से एक को पकड़ लिया गया है। इन युवाओं का किसी राजनीतिक दल से संबंध नहीं है। उनके पास फिल्म के प्रति विरोध जताने के लिए किसी भी प्रकार की तख्तियां या पोस्टर नहीं थे।"
हमलावरों में से जिस लड़के को पकड़ लिया गया है उसकी पहचान उत्तम नगर की जेजे कॉलोनी में रहने वाले 19 वर्षीय बृज मोहन के रूप में की गई है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक इस लड़के ने ग्यारहवीं कक्षा के बाद से पढ़ाई छोड़ दी थी।
शिव सेना के कार्यकर्ताओं ने मुंबई में ऐसे कई थियेटरों को निशाना बनाया था जिनमें 'माई नेम इज खान' का प्रदर्शन होना था।
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में पाकिस्तानी खिलाड़ियों को शामिल किए जाने पर दिए गए अपने बयान पर शाहरुख द्वारा माफी मांगने से इंकार किए जाने के बाद से शिव सेना उनकी फिल्म के प्रदर्शन का विरोध कर रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications