मप्र में 'माई नेम इज खान' को लेकर कई जगह हंगामा (लीड-1)
शिव सेना के मुख्यालय मुम्बई से जारी फरमान के बाद मध्य प्रदेश में भी शिव सैनिकों ने फिल्म माई नेम इज खान रिलीज न करने की सिनेमाघर मालिकों को हिदायत दी थी। गुरुवार की रात तक पसोपेश में रहने वाले सिनेमाघर मालिकों ने आखिरकार फिल्म रिलीज कर ही दी।
जबलपुर को छोड़कर भोपाल, इंदौर, ग्वालियर के अलावा अन्य स्थानों में फिल्म रिलीज हो गई है। शिव सैनिकों ने ग्वालियर में फिल्म के पोस्टरों में आग लगाकर जमकर हंगामा किया है।
भोपाल में शिव सैनिकों और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने ज्योति टॉकीज में कुछ तोड़फोड़ की और हंगामा किया। इन कार्यकर्ताओं पर नियंत्रण पाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। नगर पुलिस अधीक्षक इरमिन शाह ने पत्रकारों को बताया है टाकीज में हंगामा करने वालों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
वहीं ग्वालियर में शिव सैनिकों ने फिल्म के पोस्टर जलाए और हंगामा किया। इसके बावजूद यहां के सिनेमाघरों में फिल्म रिलीज हो गई। जबलपुर में शुक्रवार को तमाम कोशिशों के बावजूद फिल्म रिलीज करने पर सिनेमाघर संचालक तैयार नहीं हुए।
सिने फिल्म एसोसिएशन के अध्यक्ष संतोष जैन ने आईएएनएस को बताया है कि फिल्म रिलीज कर दी गई है और बड़ी संख्या में दर्शक इस फिल्म को देखने सिनेमाघरों तक पहुंचे हैं। इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications