महाराष्ट्र की स्थिति की समीक्षा करेगा गृह मंत्रालय
नई दिल्ली, 12 फरवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्रालय बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान अभिनीत फिल्म 'माई नेम इज खान' के विरोध में शिव सेना द्वारा की गई हिंसा को देखते हुए शुक्रवार को महाराष्ट्र की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करेगा।
गृह मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने आईएएनएस से कहा, "मंत्रालय स्थिति की समीक्षा करेगा और राज्य सरकार को रिपोर्ट भेजकर आवश्यक सावधानियां बरतने के लिए कहा जाएगा।"
गृह सचिव जी. के. पिल्लई, विशेष सचिव (आंतरिक सुरक्षा) यू. के. बंसल और विशेष सचिव (राज्य-केंद्र संबंध) अनिता चौधरी बैठक में शामिल होंगे।
मुंबई के थियेटरों में शुक्रवार को 'माई नेम इज खान' का पहला शो नहीं चला। थियेटर मालिकों ने शिव सेना की हिंसा से डर कर फिल्म का प्रदर्शन नहीं किया था। पर दोपहर में कई मल्टीप्लेक्स में फिल्म का प्रदर्शन शुरू हो गया था जबकि कुछ में शाम तक प्रदर्शन शुरू होने की उम्मीद है।
मुंबई के 63 सिनेमा घरों में इस फिल्म का प्रदर्शन होना था लेकिन इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में पाकिस्तानी खिलाड़ियों को शामिल करने पर दिए गए शाहरुख के बयान का विरोध कर रहे शिव सैनिकों ने फिल्म के प्रदर्शन में बाधा पहुंचाई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications