झारखण्ड में 'माई नेम.' के दर्शकों को मिले गुलाब
रांची, 12 फरवरी (आईएएनएस)। शाहरुख खान अभिनीत फिल्म 'माई नेम इज खान' को देश के कुछ हिस्सों में जहां विरोध का सामना करना पड़ा वहीं झारखण्ड में शुक्रवार को नजारा कुछ अलग था। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने थियेटरों में फिल्म देखने के लिए पहुंचने वालों का गुलाब के फूल देकर स्वागत किया।
शुक्रवार को रांची के दो सिनेमाघरों में यह फिल्म प्रदर्शित हुई और यहां टिकट लेने के लिए लंबी कतारे थीं।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फिल्म का पहला शो देखने के लिए पहुंचे सभी दर्शकों को गुलाब देकर उनका स्वागत किया।
कांग्रेस कार्यकर्ता अजय राय ने पत्रकारों से कहा, "फिल्म के दर्शकों का उत्साह बढ़ाने के लिए हम यहां आए हैं। हमने गुलाब देकर दर्शकों का स्वागत किया। भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश है और यहां सभी को अपनी बात कहने का अधिकार है।"
फिल्म देखने के लिए पहुंची कॉलेज छात्रा श्रेया कहती हैं कि वह दो घंटे से कतार में खड़ी होकर टिकट मिलने का इंतजार कर रही थीं। उन्होंने कहा कि वहां कोई परेशानी नहीं हुई और गुलाब का फूल पाकर बहुत अच्छा लगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications