मेरठ में 'माई नेम.' का विरोध कर रहे 17 शिव सैनिक गिरफ्तार
मेरठ , 12 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मेरठ शहर में शाहरुख खान की फिल्म 'माई नेम इज खान' का विरोध कर रहे 17 शिव सैनिकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। विरोध के मद्देनजर शहर के सिनेमा घरों के बाहर पुलिस बल तैनात रहा।
मेरठ के पुलिस अधीक्षक (शहर) प्रबल प्रताप सिंह ने वहां संवाददाताओ को बताया कि शिव सैनिकों ने शहर के सिनेमा घरों में फिल्म 'माई नेम..' को नहीं चलने देने का ऐलान किया था। शुक्रवार को सिविल लाइंस स्थित पार्टी कार्यालय के बाहर जमा होकर शिव सैनिक नारे लगाते हुए जैसे ही पास के सिनेमा घर के नजदीक पहुंचे, पुलिस ने उन्हें घेरकर पकड़ लिया। कई शिव सैनिक भागने में सफल रहे।
सिंह ने कहा कि शिव सेना की उत्तर प्रदेश इकाई के उप प्रमुख अनिल रस्तोगी, जिला प्रमुख धर्मेद्र कुमार सहित 17 शिव सैनिकों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक किसी भी गड़बड़ी के मद्देनजर जिन सिनेमा घरों में फिल्म 'माई नेम..' दिखाई जा रही है, उनके बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मेरठ के तीन मल्टीप्लेक्स और एक सिनेमाघर में 'माई नेम..' दिखाई जा रही है।
इससे पहले शिव सैनिकों ने गुरुवार देर रात शहर के अलग-अलग इलाकों में फिल्म 'माई नेम..' के पोस्टरों पर कालिख पोत दी थी।
दूसरी तरफ शिव सेना प्रमुख बाल ठाकरे की कथित अलगाववादी राजनीति के खिलाफ शहर में प्रदशर्न कर रहे 20 कांग्रेसियों को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया गया। मेरठ के अलावा उत्तर प्रदेश के किसी दूसरे इलाके में शाहरुख खान की फिल्म के विरोध की खबरें नहीं हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications