उड़ीसा में विरोध के बीच हुआ 'माई नेम.' का प्रदर्शन
भुवनेश्वर, 12 फरवरी (आईएएनएस)। बजरंग दल के विरोध के बीच उड़ीसा में शुक्रवार को शाहरुख खान अभिनीत फिल्म 'माई नेम इज खान' का प्रदर्शन हुआ। विरोध के बावजूद लोग कतारें लगाकर टिकटों के लिए इंतजार कर रहे थे।
बजरंग दल ने बरहामपुर शहर में फिल्म के प्रदर्शन का विरोध किया। दल के कार्यकर्ताओं ने पोस्टर फाड़े, शाहरुख के पुतले जलाए और उनके खिलाफ नारे भी लगाए।
भुवनेश्वर से 170 किलोमीटर दूर बरहामपुर की अशोका और गौतम टॉकीज में फिल्म का प्रदर्शन रोक दिया गया। यद्यपि अन्य सिनेमा हॉल्स में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाकर फिल्म का प्रदर्शन जारी है।
फिल्म राज्य के 29 सिनेमा घरों में प्रदर्शित हुई है। इनमें से तीन सिनेमाघर भुवनेश्वर के हैं।
भुवनेश्वर में फिल्म का प्रदर्शन वाले तीनों सिनेमा घरों में पुलिस की एक-एक पलटन तैनात रही। फिल्म देखने के लिए जाने वाले लोगों की सिनेमा घर में प्रवेश से पहले पुलिस द्वारा तलाशी ली गई।
पुलिस ने बताया कि एक सिनेमा घर की ओर प्रदर्शन के लिए जा रहे बजरंग दल के कुछ कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया है।
बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक सुभाष चौहान ने कहा, "हम शाहरुख के विचार का विरोध कर रहें। वह इंडियन प्रीमियर लीग में पाकिस्तानी खिलाड़ियों को खिलाए जाने की वकालत कर रहे थे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications