हल्के विरोध के बीच मप्र में 'माई नेम इज खान' रिलीज
भोपाल, 12 फरवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में शिव सैनिकों के हल्के विरोध के बीच शाहरुख खान की फिल्म 'माई नेम इज खान' शुक्रवार को रिलीज हो गई। आलम यह है कि अधिकांश जगहों पर फिल्म के शो हाउस फुल रहे।
शिव सेना के मुख्यालय मुंबई से जारी फरमान के बाद शिव सैनिकों ने मध्य प्रदेश में भी सिनेमा घर मालिकों को फिल्म 'माई नेम इज खान' रिलीज न करने की हिदायत दी थी। गुरुवार रात तक उधेड़बुन में रहने वाले सिनेमाघर मालिकों ने आखिरकार फिल्म रिलीज कर ही दी।
भोपाल, इंदौर के अलावा अन्य स्थानों में हल्के विरोध के बीच फिल्म रिलीज हो गई है। शिव सैनिकों ने ग्वालियर में फिल्म के पोस्टरों में आग लगाकर जमकर हंगामा किया।
सिने फिल्म एसोसिएशन के अध्यक्ष संतोष जैन ने आईएएनएस को बताया कि फिल्म रिलीज कर दी गई है और बड़ी संख्या में दर्शक इस फिल्म को देखने सिनेमाघरों तक पहुंच रहे हैं।
हालात को बिगड़ने से रोकने के लिए भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके बावजूद सिनेमाघरों तक पहुंचे शिव सैनिकों ने जमकर नारेबाजी की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications