असली हिंदुस्तान की झलक देखने उपराष्ट्रपति पहुंचे गांव
भोपाल के नजदीक बगरोदा गांव के शासकीय नवीन हाईस्कूल में आदर्श आंगनवाड़ी नर्सरी स्कूल के रूप में पहले मॉडल सेंटर का जायजा लेने के दौरान उपराष्ट्रपति ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और शिक्षा के क्षेत्र में बच्चे जो आज कर रहे हैं उससे बेहतर कल करेंगे। इसलिए जरूरी है कि उनकी नींव हर क्षेत्र में मजबूत होनी चाहिए। इसके लिए आज के भारत नहीं बल्कि कल के भारत की बात होनी चाहिए।
उपराष्ट्रपति ने अपनी पत्नी सलमा अंसारी के साथ शिक्षण कार्य को भी देखा और पहली व दूसरी कक्षा के बच्चों से बातचीत की। उन्होंने आदर्श आंगनवाड़ी नर्सरी स्कूल के रूप में पहले मॉडल सेंटर को भी देखा। इस केंद्र के तीन से छह वर्ष के बच्चों ने उपराष्ट्रपति के स्वागत में कविताएं सुनाई। उपराष्ट्रपति ने मध्याह्न् भोजन, आंगनवाडी केंद्र की दिनचर्या और शालापूर्व शिक्षा की जानकारी हासिल की।
डॉ हामिद अंसारी को बताया गया कि शालापूर्व शिक्षा को प्रोत्साहित करने और शिक्षा में गुणवत्ता पूर्ण सुधार लाने की आवश्यकता को देखते हुए यूनिसेफ और राज्य शिक्षा केंद्र के सहयोग से प्रत्येक जिले में आंगनवाड़ी केंद्रों को आदर्श आंगनवाड़ी नर्सरी स्कूल के रूप में विकसित किया जा रहा है। मॉडल सेंटर भोपाल के बगरोदा में बनाया गया है।
उपराष्ट्रपति ने छात्राओं से उनके भविष्य की योजना की भी चर्चा की और प्रश्न पूछे। 10 वीं की छात्रा नेहा पटेल ने बताया कि वह डॉक्टर बनना चाहती है और उसे इसके लिए क्या करना चाहिए। इसके जवाब में उन्होंने कहा कि पहले 10 वीं और फिर 12 वीं की परीक्षा पास करने के बाद कड़ी मेहनत करनी चाहिए। कड़ी मेहनत और मजबूत इरादे से प्रयास करने से सफलता अवश्य मिलेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications