श्रीलंका के पूर्व सेना प्रमुख के समर्थकों पर हमला
कोलंबो, 10 फरवरी (आईएएनएस)। श्रीलंका में हाल में संपन्न राष्ट्रपति पद के चुनाव में पराजित उम्मीदवार और पूर्व सेना प्रमुख सरथ फोंसेका के समर्थकों पर बुधवार को सरकार समर्थक भीड़ और पुलिस ने हमला किया।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार सेना प्रमुख रहने के दौरान संवेदनशील सूचनाएं लीक करने के आरोप में फोंसेका की गिरफ्तारी का विरोध करने के लिए उनके समर्थक सर्वोच्च न्यायालय के समीप एकत्र हुए थे।
विपक्ष के प्रवक्ता ने बताया कि सैकड़ों सरकार समर्थकों ने फोंसेका के समर्थकों पर पथराव किया और इसके तुरंत बाद पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे।
सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल प्रसाद समरसिंघे ने कहा कि फोंसेका की पत्नी अनोमा को नौसेना मुख्यालय में उनसे मिलने दिया गया। मंगलवार रात से वहां हिरासत में रखे गए फोंसेका को आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता कहेलिया रामबुकवेला ने कहा कि फोंसेका पर सरकारी सुरक्षा परिषद की सूचनाएं विपक्षी दलों को देने का आरोप है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications