अफगानिस्तान में हिमस्खलन से 28 की मौत (लीड-1)
समाचार एजेंसी 'डीपीए' ने अधिकारियों के हवाले से बताया कि भारी बर्फबारी के कारण यह हादसा सोमवार दोपहर सलांग रोड पर हुआ, जहां 3,300 मीटर के दायरे का रास्ता पांच किलोमीटर लंबी सुरंग से होकर गुजरता है। जो काबुल को उत्तरी क्षेत्र से जोड़ती है।
अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता जनरल जाहिर आजमी ने कहा कि रात भर चले बचाव कार्य में बर्फ के नीचे दबे 1,500 लोगों को करीब 600 बचाव कर्मियों ने निकाला। बचाव कर्मियों में पुलिस व सेना के जवानों के अलावा स्थानीय लोग भी शामिल थे।
आजमी ने बताया,"इस घटना में 28 लोगों की मौत हो गई और 70 लोग घायल हो गए हैं।"
बघलान के उत्तरी प्रांत के पुलिस प्रमुख जनरल कबीर अदाराबी ने कहा कि इस हादसे में लोगों के वाहन में दब जाने से मौतें हुई। सोमवार रात सर्दी ज्यादा होने की वजह से भी कुछ लोगों की मौत हो गई।
उन्होंने इसके पहले बताया था कि मुख्य सुरंग के पास सड़क पर जमी बर्फ से अभी करीब 100 वाहन फंसे हुए हैं, लेकिन बर्फबारी के चलते बचाव दल को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी एक बयान में राष्ट्रपति हामिद करजई ने इस हादसे में जान गंवाने वालों के प्रति शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा, "इस सुरंग को फिर से शीघ्र खोलने की खातिर हर संभव प्रयास करने के लिए संबधित अधिकारियों को आदेश दे दिए गए हैं और मदद के लिए जरूरी चीजें उन्हें मुहैया की जा रही है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications