बिहार में निजी कोचिंग संचालकों पर नकेल कसेगी सरकार
पटना में मंगलवार को एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि सरकार निजी कोचिंग संचालकों पर नकेल कसेगी। उन्होंने कहा कि निजी संस्थानों को चलाने के लिए जल्द ही सरकार एक कानून बनाएगी।
उन्होंने कहा कि छात्र शांति बनाए रखें, सरकार उनकी शिकायत को सुन उनकी शिकायत दूर करेगी। उन्होंने बताया कि बुधवार को शिक्षा विभाग के अधिकारियों की एक बैठक होगी जिसमें निजी कोचिंग संचालकों को भी बुलाया जाएगा और उनके भी विचार जाने जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि पटना में निजी कोचिंग संचालकों की मनमानी के विरोध में सोमवार से ही सैकड़ों छात्र सड़क पर उतर गए हैं और प्रदर्शन कर रहे हैं। इस दौरान छात्रों ने आगजनी की और कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया। पुलिस को छात्रों पर लाठी चलानी पड़ी तथा आंसू गैस के गोले भी छोड़ने पड़े।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications