मध्य प्रदेश में जनता बनेगी सरकार की भागीदार (राउंडअप)
बैतूल के चिल्कापुर गुद्गांव से यात्रा के तीसरे चरण की शुरुआत करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश को बनाने के लिए गांव और कस्बों का समग्र विकास जरूरी है। इतना ही नहीं इसमें आम आदमी की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने हर किसी से आह्वान किया कि वे जिस भी काम में लगे हैं उसे पूरी ईमानदारी से करें और राजनीतिक दलों से जुड़े लोग दलगत राजनीति से ऊपर उठकर विकास में भूमिका निभाएं।
सभा में चौहान ने मध्य प्रदेश बनाओ यात्रा के मंतव्य का खुलासा करते हुए कहा कि प्रदेश के विकास में आम आदमी की भागीदारी तय करने के मकसद से इस यात्रा पर निकले हैं। विकास में आम आदमी की भागीदारी किस तरह की हो सकती है। इसे भी तय किया जाएगा। इतना ही नहीं विकास पर गांव में बनने वाली समितियां ही नजर रखेंगी। ऐसा होने पर किसी तरह की गड़बड़ी और मनमानी की अफसरों को छूट नहीं रहेगी।
उन्होंने इशारों में कहा कि अब रेंजर को डेंजर नहीं बनने दिया जाएगा। इन समितियों का ब्योरा जिला अधिकारी से लेकर मुख्यमंत्री तक रहेगा और जरूरत पड़ने पर मुख्यमंत्री सीधे इन समितियों से बात भी करेंगे।
उन्होंने कहा कि वे इस यात्रा पर जनता को कुछ देने नहीं बल्कि मांगने निकले हैं। उन्होंने मौजूद लोगों को पांच संकल्प दिलाए। सभी ने गांव की साफ सफाई, बच्चों को स्कूल भेजने, पौधारोपण, नशा मुक्ति और काम के प्रति ईमानदारी का संकल्प लिया।
चौहान ने इस मौके पर 50 निर्माण कार्यो का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया। इस अवसर पर चौहान की पत्नी साधना सिंह ने नवविवाहित महिलाओं की गोद भराई रस्म पूरी की। साथ ही विभिन्न हितग्रहियों को चेक आदि वितरित किए गए। इस यात्रा के सम्वयक जनसंपर्क मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा हैं।
यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री कई रंग में नजर आए। चिल्कापुर में चौहान ने आदिम जाति वर्ग के कलाकारों की मंडली के साथ बांसुरी बजाई और आटनेर पहुंचकर साफ सफाई का संदेश देने के लिए खुद सड़क पर झाडू लगाई। इस मौके पर उनके साथ पत्नी साधना सिंह, वन मंत्री सरताज सिंह, आदिम जाति कल्याण मंत्री विजय शाह भी मौजूद थे।
इससे पहले मुख्यमंत्री चौहान चिलकापुर के आदिम जाति कल्याण विभाग के हाई स्कूल में योग गुरु के रूप नजर आए। उन्होंने यहां छात्रों को योग की खूबियों के साथ तरीके भी बताए। मध्य प्रदेश बनाओ यात्रा पर निकले शिवराज सिंह चौहान का मंगलवार को पड़ाव बैतूल जिले में रहा। उन्होंने चिल्कापुर के आदिम जाति कल्याण विभाग के हाई स्कूल में छात्रों के बीच पहुंचकर पढ़ाई की चर्चा तो की ही साथ में आसन भी लगाए।
उन्होंने बच्चों से पूछा कि योग और आसन के बारे में क्या जानते हो। बच्चों ने जहां उन्हें योग और आसन के बारे में अपनी जानकारी बताई वहीं शिवराज ने बच्चों से कहा कि अगर सेहतमंद और तंदुरुस्त रहना है तो वे योग को अपनाएं।
चौहान लगभग 15 मिनट बच्चों के बीच रहे जहां उन्होंने प्राणायाम क्या है और इसे कैसे करना चाहिए उसके तरीके बताए। साथ ही वज्रासन का क्या लाभ है उसका भी सिलसिलेवार ब्योरा दिया। उन्होंने स्कूल की छात्रा पायल रानी से योग से जुड़े कुछ सवाल भी पूछे। वहीं योग शिक्षिका रचना तिवारी की सराहना की।
चौहान के साथ इस योगाभ्यास में बच्चे तो थे ही साथ में बैतूल की सांसद ज्योति धुर्वे भी मौजूद रहीं। चौहान ने कई कक्षाओं में पहुंचकर छात्रों की पढाई संबंधी समस्याओं को भी पूछा और भरोसा दिलाया कि अब उनके हाई स्कूल में 12वीं तक की पढाई होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications