मप्र में जनता बनेगी सरकार की भागीदार : शिवराज (लीड-1)
बैतूल के चिल्कापुर गुदगांव से यात्रा के तीसरे चरण की शुरुआत करते हुए शिवराज ने कहा कि मध्य प्रदेश को बनाने के लिए गांव और कस्बों का समग्र विकास जरूरी है। इतना ही नही इसमें आम आदमी की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने हर किसी से आह्वान किया कि वे जिस भी काम में लगे हैं उसे पूरी ईमानदारी से करें।
मध्य प्रदेश बनाओ यात्रा के मंतव्य का खुलासा करते हुए शिवराज ने कहा कि प्रदेश के विकास में आम आदमी की भागीदारी तय करने के मकसद से वह इस यात्रा पर निकले हैं। विकास में आम आदमी की भागीदारी किस तरह की हो सकती है। इसे भी तय किया जाएगा। इतना ही नहीं विकास पर गांव में बनने वाली समितियां ही नजर रखेंगी। ऐसा होने पर किसी तरह की गड़बड़ी और मनमानी की अफसरों को छूट नहीं रहेगी।
उन्होंने इशारों में कहा कि अब रेंजर को डेंजर नहीं बनने दिया जाएगा। इन समितियों का ब्योरा जिला अधिकारी से लेकर मुख्यमंत्री तक रहेगा और जरूरत पड़ने पर मुख्यमंत्री सीधे इन समितियों से बात भी करेंगे।
उन्होंने कहा कि वे इस यात्रा पर जनता को कुछ देने नहीं बल्कि मांगने निकले हैं। उन्होंने मौजूद लोगों को पांच संकल्प दिलाए। सभी ने गांव की साफ सफाई, बच्चों को स्कूल भेजने, पौधारोपण, नशा मुक्ति और काम के प्रति ईमानदारी बरतने का संकल्प लिया।
चौहान ने इस मौके पर 50 निर्माण कार्यो का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया। इस अवसर पर चौहान की पत्नी साधना सिंह ने नवविवाहित महिलाओं की गोद भराई की रस्म पूरी की। साथ ही विभिन्न हितग्रहियों को चेक आदि वितरित किए गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications