बिहार में नक्सलियों के बंद का मिलाजुला असर (लीड-1)
पटना, 8 फरवरी (आईएएनएस)। सुरक्षा बलों के 'ऑपरेशन ग्रीनहंट' के विरोध में नक्सलियों के 72 घंटे के बंद के दूसरे दिन सोमवार को बिहार में मिलाजुला प्रभाव रहा हालांकि इस दौरान नक्सलियों ने कई स्थानों पर उपद्रव भी किया।
राजधानी सहित शहरी क्षेत्रों में बंद का जहां कोई खास प्रभाव देखने को नहीं मिला वहीं नक्सल प्रभावित इलाकों के ग्रामीण क्षेत्रों में बंद का व्यापक प्रभाव रहा। पटना से रांची जाने वाली लंबी दूरी की बसें जहां आम दिनों की तरह चलीं वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में बंद का यातायात व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा।
गया, औरंगाबाद, मुंगेर, रोहतास, जहानाबाद, जमुई जैसे नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में वाहन कम चले और पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई।
राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) यू़ एस़ दत्त ने सोमवार को बताया कि राज्य में बंद के दौरान एक दो घटनाओं को छोड़कर कोई बड़ी घटना नहीं घटी। उन्होंने बताया कि नक्सली प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई तथा अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
नक्सलियों ने रविवार देर रात गया जिला के शेरघाटी थाना क्षेत्र अंतर्गत छीताब गांव के समीप एक ट्रक फूंक दिया।
पुलिस के अनुसार गया-शेरघाटी मार्ग पर रात को नक्सलियों ने एक ट्रक के चालक को नीचे उतारकर उसको आग लगा दी और फरार हो गए।
'ऑपरेशन ग्रीनहंट' के विरोध में चार राज्यों में बंद के दूसरे दिन नक्सलियों ने रविवार देर रात जमालपुर-क्यूल रेलखंड पर महरना हॉल्ट के समीप पटरी उड़ा दी। पुलिस को संदेह है कि नक्सलियों का मंसूबा गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों को नुकसान पहुंचाने का था।
पुलिस के अनुसार रविवार देर रात करीब दो बजे मुंगेर जिले के धरहरा और अभयपुर रेलवे स्टेशन के बीच महरना हॉल्ट के नजदीक पटरी पर विस्फोट किया गया। पुलिस का दल कुछ ही समय पहले वहां से गुजरा था।
राजकीय रेल पुलिस, जमालपुर के पुलिस अधीक्षक विमल कुमार ने सोमवार को बताया कि नक्सलियों की योजना गश्त कर रहे पुलिस दल को नुकसान पहुंचाने की रही होगी।
उन्होंने बताया कि इस घटना में अप रेलवे ट्रैक को क्षति पहुंची। इसे दो घंटे के अंदर ठीक कर लिया गया। इस रेलखंड पर रेलगाड़ियों का आवागमन प्रारंभ कर दिया गया।
नक्सलियों ने शनिवार रात दानापुर रेल मंडल के झाझा-नरगंजों रेलवे स्टेशनों के बीच भी पटरी उड़ाई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications