उत्तर प्रदेश में 8 नक्सली गिरफ्तार
राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) बृजलाल ने सोमवार को लखनऊ में एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि शनिवार रात तीन नक्सलियों की गिरफ्तारी के बाद बरामद नक्सली साहित्य से जानकारी मिली कि नक्सली संगठन के सदस्यों और पदाधिकारियों की सोमवार को कानपुर में बैठक होने वाली है।
सूचना के आधार पर कानपुर के नौबस्ता इलाके में की गई छापेमारी में बलराज उर्फ बीआर के अलावा सात नक्सलियों (चिंतन, नवीन प्रसाद, अंबरीश, दीपक, राजेंद्र कुमार, कृपा शंकर और शिवराज सिंह) को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में नक्सली साहित्य और आठ लाख रुपये बरामद किए गए।
बृजलाल ने कहा कि बलराज मशहूर नक्सली कोबाद गांधी का करीबी और संगठन की केंद्रीय समिति एवं पोलित ब्यूरो का सदस्य है। वह बिहार, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में नक्सली गतिविधियों एवं संगठन का कर्ताधर्ता है और सन 1978 से लगातार नक्सली गतिविधियों में सक्रिय है। उत्तर प्रदेश में अपने संगठन की पैठ बढ़ाने के लिए वह पिछले छह सालों से काम कर रहा है। अन्य संगठन के सक्रिय पदाधिकारी हैं।
बृजलाल ने बताया कि गिरफ्तार नक्सलियों का उद्देश्य छत्तीसगढ़, बिहार, झारखण्ड और पश्चिम बंगाल के दुर्गम एंव जंगली क्षेत्रों की तरह उत्तर प्रदेश के दुर्गम इलाकों की पहचान कर वहां सशस्त्र संगठन खड़ा करना है।
इनसे पूछताछ में पता चला है कि उत्तर प्रदेश के मैदानी इलाकों मैनपुरी, देवरिया, कानपुर, आजमगढ़, बलिया, मऊ, इलाहाबाद और कुशीनगर जिलों में इनके सदस्य प्रभाव बढ़ाने के लिए अति पिछड़े लोगों के प्रति सहानुभूति प्रदशिर्त कर उन्हें संगठन से जोड़ने का काम कर रहे हैं।
एसटीएफ अधिकारियों के मुताबिक बलराज ने बिहार, झारखण्ड और पश्चिम बंगाल में स्पेशल आम्र्ड के जवानों, रेलवे सुरक्षा कर्मियों की हत्या जैसी घटनाओं का षडयंत्र रचना कबूल किया है।
बृजलाल ने कहा कि इनकी गिरफ्तारी के बारे में बिहार, झ्झारखण्ड, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल की सरकारों को सूचित कर दिया गया है। पूछताछ में इनके संगठन के अन्य सदस्यों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिन पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इससे पहले शनिवार रात को एसटीएफ ने बलराज की पत्नी एवं संगठन के सदस्य हीरामन मुंडा को गोरखपुर से जबकि विश्वजीत उर्फ कमल जी और सीमा आजाद उर्फ सीमा (पति-पत्नी) को इलाहाबाद से गिरफ्तार किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications