बिहार में 2 बारूदी सुरंगों का पता चला
जमालपुर के पुलिस उपाधीक्षक श्रीधर मंडल ने बताया, "धरहरा से पेसरा गांव जाने वाली सड़क पर नक्सलियों ने दो बारूदी सुरंगें बिछाई थी। गश्ती पर निकले पुलिसकर्मियों को शक होने पर उस जगह की जांच की गई। जांच के दौरान दोनों बारूदी सुरंगों का पता लगा लिया गया।"
मंडल ने इस बात की आशंका व्यक्त की कि नक्सलियों की मंशा बिहार बंद के दौरान गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों को नुकसान पहुंचाने का होगा। आसपास के क्षेत्रों में नक्सलियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी अभियान तेज कर दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि रविवार देर रात लगभग दो बजे मुंगेर जिले के धरहरा और अभयपुर रेलवे स्टेशनों के बीच महरना हॉल्ट के समीप नक्सलियों ने रेलवे पटरी को विस्फोट से क्षतिग्रस्त कर दिया था। पुलिस के अनुसार कुछ ही देर पहले गश्ती कर रहे पुलिस का दल यहां से गुजरा था।
नक्सलियों ने ऑपरेशन ग्रीनहंट के विरोध में सात फरवरी से बिहार समेत चार राज्यों में 72 घंटे के बंद का ऐलान किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications