श्रीनगर में सुरक्षा के कड़े प्रबंध
लगातार चौथे दिन भी शहर के पुराने इलाकों में कर्फ्यू जैसी स्थिति रही। हिंसा रोकने और अलगाववादियों की शहर के सोनावर इलाके में स्थित संयुक्त राष्ट्र के भारत और पाकिस्तान से संबद्ध सैन्य निरीक्षक समूह के कार्यालय तक प्रस्तावित रैली को रोकने के लिए कर्फ्यू जैसे प्रतिबंध लगाए गए।
हुर्रियत के उदारवादी गुट के अध्यक्ष मीरवाइज उमर फारुक ने इस रैली का आह्वान किया था। फारुक अब भी शहर के बाहरी इलाके में स्थित अपने घर में नजरबंद हैं।
पुलिस ने रविवार देर रात कई अलगाववादी नेताओं को गिरफ्तार किया। इनमें अलगाववादी नेता शब्बीर शाह की अध्यक्षता वाली डेमोक्रेटिक फ्रीडम पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष मोहम्मद अब्दुल्ला तारी भी शामिल हैं।
शाह को पिछले सप्ताह एक अन्य अलगाववादी नेता नईम खान के साथ गिरफ्तार कर लिया गया था।
सुरक्षा बलों ने पुराने शहर में पैदल चलने वालों और गाड़ियों की आवाजाही रोकने के लिए तारों की बाड़ लगाई है। शहर के केंद्र लाल चौक में भी बहुत कम वाहन दिखे और बहुत कम पैदल यात्री सड़कों पर निकले।
शहर के सभी बैंक, बाजार और सार्वजनिक यातायात के साधन बंद रहे जबकि सरकारी कार्यालयों में उपस्थिति बहुत कम रही।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications