उड़ीसा में नक्सलियों ने रेल पटरी उड़ाई (लीड-1)
भुवनेश्वर, 8 फरवरी (आईएएनएस)। उड़ीसा के सुंदरगढ़ जिले में माहुपाड़ा और भालुलता रेलवे स्टेशन के बीच नक्सलियों ने सोमवार तड़के पटरी को उड़ा दिया। इस घटना के बाद राउरकेला-हावड़ा रेलमार्ग पर रेल सेवाएं पुन: सामान्य हो गई हैं।
छत्रपुर डिविजन के वरिष्ठ प्रबंधक वी.के.श्रीवास्तव ने आईएएनएस को बताया, "नक्सलियों के भालुलता स्टेशन से दो किलोमीटर दूर पटरी उड़ाने से एक मालगाड़ी का एक वैगन पटरी से उतर गया।"
मालगाड़ी राउरकेला से आ रही थी और उसका 19 वां वैगन पटरी से उतर गया। घटना के बाद राउरकेला-हावड़ा रेलमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। कई रेलगाड़ियों को नजदीकी स्टेशनों पर रोक दिया गया।
घटना के तुरंत बाद रेल अधिकारी सुरक्षाबलों के साथ घटनास्थल पर क्षतिग्रस्त पटरियों की मरम्मत के लिए रवाना हो गए। रेल पटरियों के निरीक्षण के दौरान घटनास्थल के समीप ही दूसरी पटरी के पास एक शक्तिशाली बम बरामद किया गया।
श्रीवास्तव ने बताया, "निरीक्षण के दौरान 30 किलोग्राम का शक्तिशाली बम बरामद किया गया। बम निरोधक दस्ते की मदद से बम को नष्ट किया गया।"
रेलवे पटरियों की जांच के बाद रेल सेवाएं दोबारा शुरू कर दी गई।
राउरकेला रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर एस.के.पांडा ने कहा कि रेलवे पटरियों की जांच के बाद इस मार्ग पर रेल सेवाएं दोबारा सामान्य हो गई हैं। रुकी हुई रेलगाड़ियों को उनके गंतव्य स्थान के लिए रवाना कर दिया गया।
नक्सलियों का चार राज्यों में 72 घंटे का बंद सोमवार को दूसरे दिन में प्रवेश कर गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications