भाजपा ने महंगाई के लिए केंद्र की आर्थिक नीतियों को जिम्मेदार ठहराया
नई दिल्ली, 8 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों के लिए केंद्र की कांग्रेसनीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार की गलत आर्थिक नीतियों को जिम्मेदार बताया है। पार्टी ने सरकार पर महंगाई के नाम पर महाघोटाला करने का आरोप लगाया है।
भाजपा ने सोमवार को एक प्रेस कांफ्रेंस आयोजित कर महंगाई के मुद्दे पर संप्रग सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इसके लिए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ-साथ उनके मंत्रीमंडल के सदस्य भी जिम्मेदार हैं।
भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि संप्रग सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण आम जनता को महंगाई की मार झेलना पड़ रही है। उन्होंने कहा कि दु:ख की बात यह है कि एक सफल अर्थशास्त्री के प्रधानमंत्री रहते लोगों को दाल-रोटी के लिए मोहताज होना पड़ रहा है। एक सफल अर्थशास्त्री प्रधानमंत्री देश को महंगाई से उबारने में असफल हुए हैं।
गडकरी ने कहा कि कांग्रेस की संप्रग सरकार में महंगाई के नाम पर महाघोटाला हुआ है। उन्होंने एक-एक कर दाल, चीन, चावल की कीमतों में हुई वृद्धि के पीछे के कारणों का खुलासा किया। उन्होंने इसके लिए किसी एक को जिम्मेदार ठहराने की बजाए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, संप्रग सरकार की आर्थिक नीतियों और मनमोहन मंत्रीमंडल को दोषी बताया।
उन्होंने कहा कि इसके लिए कृषि मंत्री शरद पवार के साथ-साथ प्रधानमंत्री और उनके कैबिनेट के सहयोगी भी जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा, "मेरा मानना है कि कृषि मंत्रालय, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय व वित्त मंत्रालय में समन्वय का अभाव है। इस सरकार की नीतियां किसानों को मारने और आम आदमी को लूटने वाली हैं। कांग्रेस का नारा है कि कांग्रेस का हाथ आम आदमी के साथ लेकिन अब ऐसा लगता है कि कांग्रेस का हाथ गरीबों का गला पकड़ने के लिए है।"
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी महंगाई के खिलाफ संसद से सड़क तक प्रदर्शन करेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications