शाहरुख खान की स्वदेश वापसी पर कड़ी सुरक्षा
मुंबई, 6 फरवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तानी क्रिकेट खिलाड़ियों पर दिए अपने बयान के बाद शिवसेना के विरोध का सामना कर रहे बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान शनिवार की दोपहर भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मुंबई लौटे।
शाहरुख और काजोल हवाईअड्डे से अलग-अलग बाहर आए। एक हवाईअड्डा अधिकारी ने बताया कि शाहरुख पुलिसकर्मियों के एक दल और अपने निजी सुरक्षाकर्मियों के साथ हवाईअड्डे से बाहर आए।
दोनों कलाकार अपनी आने वाली फिल्म 'माई नेम इज खान' के प्रचार के लिए अमेरिका और ब्रिटेन गए हुए थे।
हवाईअड्डे पर शाहरुख के 50 निजी सुरक्षाकर्मियों के अलावा करीब 500 सुरक्षाकर्मी मौजूद थे। फिल्म के निर्देशक करन जौहर अलग से हवाईअड्डे से बाहर निकले।
शाहरुख की गाड़ी दो पुलिस वाहनों की सुरक्षा में बांद्रा स्थित उनके बंगले 'मन्नत' पर पहुंची।
महाराष्ट्र सरकार और मुंबई पुलिस ने वादा किया है कि जिन थियेटरों और मल्टीप्लेक्स में 'माई नेम इज खान' का प्रदर्शन होगा वहां सुरक्षा की पूरा इंतजाम होगा।
करीब एक सप्ताह पहले शाहरुख ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में पाकिस्तानी खिलाड़ियों को शामिल करने की वकालत की थी जिसके बाद उन्हें शिवसेना के गुस्से का सामना करना पड़ रहा है। शिवसेना चाहती है कि शाहरुख अपने बयान पर माफी मांगें।
शाहरुख आईपीएल की कोलकाता नाइट राइडर्स टीम के मालिक हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications