बाजार खोलने के लिए चीन और अन्य देशों पर दबाव बनाएगा अमेरिका
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार डेमोकेट्रिक पार्टी के सीनेटरों के साथ बुधवार को वाशिंगटन में एक बैठक में ओबामा ने कहा, "चीन और अन्य देशों को अपने बाजार पारस्परिक रूप से खोलने के लिए लगातार दबाव बनाने हेतु हम मौजूदा नियमों को लागू करने के लिए कड़ा प्रयास कर रहे हैं।"
दोनों देशों के बीच लंबे समय से जारी विवाद का अप्रत्यक्ष रूप से उल्लेख करते हुए ओबामा ने यह भी कहा कि निर्यात बढ़ाने के लिए चीन जैसे देश अपनी मुद्रा का कृत्रिम अवमूल्यन करते हैं।
ओबामा ने कहा, "अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर हमें जिन चुनौतियों का सामना करना होता है उसमें मुद्रा की दर एक है। हमें सुनिश्चित करना होगा कि हमारी वस्तुओं के दाम कृत्रिम तरीके से अधिक न हों और उनकी वस्तुएं सस्ती न हों।"
चीन का स्पष्ट नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि इससे भारी प्रतिस्पर्धात्मक नुकसान होता है।
ओबामा ने कहा कि चीन और शेष एशिया के साथ व्यापार भविष्य में अमेरिकी अर्थव्यवस्था के विकास के लिए महत्वपूर्ण बना रहेगा। अमेरिका के श्रम बाजार को सुधारने के लिए ओबामा ने पिछले सप्ताह अगले पांच वर्षो में अमेरिका का निर्यात दोगुना करने का सुझाव दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications