मूल्य वृद्धि पर सीडब्ल्यूसी की बैठक शुक्रवार को
नई दिल्ली, 4 फरवरी (आईएएनएस)। लगातार बढ़ रही महंगाई और इस मुद्दे पर विपक्षी पार्टी द्वारा सरकार की आलोचना से चिंतित कांग्रेस ने इस मुद्दे पर शुक्रवार को कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी)की बैठक बुलाई है।
यह बैठक महंगाई के मुद्दे पर मुख्यमंत्रियों की बैठक से एक दिन पूर्व हो रही है। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने महंगाई के मुद्दे पर मुख्यमंत्रियों की बैठक शनिवार को बुलाई है।
कांग्रेस सूत्रों ने कहा कि सीडब्ल्यूसी की बैठक के लिए अभी तक कोई एजेंडा वितरित नहीं किया गया है। माना जा रहा है कि कांग्रेस की सर्वोच्च अधिकार प्राप्त समिति सीडब्ल्यूसी की बैठक में गैर कांग्रेस शासित मुख्यमंत्रियों के महंगाई के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराने पर जवाब देने के लिए रणनीति बनाई जाएगी।
गैर कांग्रेस शासित राज्यों गुजरात, मध्य प्रदेश, बिहार और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री महंगाई पर काबू नहीं पाने के लिए कांग्रेस नेतृत्व वाली केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराते रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार बैठक में पृथक तेलंगाना राज्य के मसले पर आंध्र प्रदेश कांग्रेस इकाई के दो धड़ों में बंटे होने पर भी चर्चा की जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications