दिल्ली: मिनी बस पलटी, 3 की मौत
नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली के हर्ष विहार इलाके में तेज़ रफ्तार से जा रही यात्रियों से भरी मिनी बस पलट गई। इस हादसे में 17 वर्षीय छात्र समेत तीन लोगों की मौत हो गई है व 22 लोग घायल हुए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सुबह करीब आठ बजे हर्ष विहार से आईएसबीटी तक जाने वाली मिनी बस का पीछे का टायर अचानक मजनू का टीला के पास फट गया। तेज रफ्तार होने की वजह से ड्राइवर ने बस पर नियंत्रण खो दिया और बस पलट गई।
इस हादसे में लडलो केसल स्कूल के 17 वर्षीय छात्र प्रदीप तिवारी समेत तीन लोगों की मौत मौके पर ही हो गई। मृतकों में दो अन्य व्यक्तियों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। दोनों मृतक 25 से 30 वर्ष की आयु के बीच हैं। घायलों को तुरंत स्थानीय सौराष्ट्र ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।













Click it and Unblock the Notifications