अमर सिंह के बचाव में आईं जया बच्चन

पत्रकारों से बातचीत में जया बच्चन ने कहा,'' अगर मुलायम सिंहजी चाहते हैं कि मैं छोड़ दूं, तो उन्हें ऐसा कहना चाहिए.'' उन्होंने कहा कि वो अमर सिंह तथा जयाप्रदा के निष्कासन से दुखी और आहत हैं. जया बच्चन ने कहा,''ये फ़ैसला ग़लत है और इससे भविष्य में पार्टी को नुक़सान होगा.''
उनका कहना था कि ये दुखद है कि अमर सिंह के ख़िलाफ़ कार्रवाई करने के लिए मुलायम सिंह को उनके इर्दगिर्द मौजूद लोगों ने उकसाया. जया ने कहा,''मुलायम सिंहजी का अमर सिंहजी के प्रति काफ़ी स्नेह रहा है. अमर सिंह अपने नेता मुलायम सिंह के लिए ढाल की तरह थे, उस ढाल को हटा दिए जाने से मैं चिंतित हूं.''
अमर-जया प्रदा का निष्कासन
इसके पहले समाजवादी पार्टी ने अमर सिंह और जयाप्रदा को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित करने और चार अन्य विधायकों को निलंबित किए जाने की घोषणा की थी.
पार्टी महासचिव मोहन सिंह ने लखनऊ में पत्रकारों को इसकी जानकारी देते हुए कहा कि इन दोनों नेताओं को पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का दोषी पाया गया है और इसलिए यह फ़ैसला किया गया है.
अमर सिंह ने लखनऊ में हुई इस घोषणा के तुरंत बाद दिल्ली में मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि वे मुलायम सिंह के आभारी हैं कि उन्हें पार्टी से निकाल दिया और अपनी मर्ज़ी से काम करने का अवसर दे दिया.
उन्होंने राज्यसभा से इस्तीफ़ा देने से इनकार करते हुए कहा, "राज्यसभा की सीट मुझे भीख में नहीं मिली बल्कि मैंने उसे अर्जित किया है." अमर सिंह ने फिलहाल किसी राजनीतिक पार्टी से जु़डने या कोई राजनीतिक दल बनाने की संभावना से इनकार किया है.












Click it and Unblock the Notifications