दिल्ली में सड़क दुर्घटना में 5 लोगों की मौत (लीड-3)
यमुना विहार से आईएसबीटी की तरफ आने वाली मिनी बस सुबह करीब 8.15 बजे ट्रॉमा सेंटर के पास टायर फटने से पलट गई। बस में 20 लोग सवार थे। इस दुर्घटना में 17 लोग घायल भी हुए।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, "टायर फटने के बाद चालक ने संतुलन खो दिया, जिससे बस पलट गई।"
सभी घायलों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। मृतकों में एक की पहचान लुडलो कैसल स्कूल के 17 वर्षीय छात्र प्रदीप ठाकुर के रूप में की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दो अन्य मृतकों की भी पहचान करने की कोशिश की जा रही है, इनकी उम्र 25 से 30 साल के बीच है।
घायलों में आठ छात्र हैं, जो जैन पब्लिक स्कूल, लुडलो कैसल स्कूल और रस्तोगी पब्लिक स्कूल के छात्र हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
उधर, एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, 17 वर्षीय करन पाल सिंह और उसकी 13 वर्षीया बहन ईशु नारंग मोटरसाइकिल से माता जय कौर पब्लिक स्कूल जा रहे थे।
अधिकारी ने बताया, "करन मोटरसाइकिल चला रहा था, जबकि ईशु पिछली सीट पर बैठी थी। दीप बाजार के निकट अचानक मोटरसाइकिल फिसल गई और सामने से आ रही एक डीटीसी बस उनके ऊपर चढ़ गई। बस गुरु हर किशन पब्लिक स्कूल के बच्चों को छोड़कर डिपो की तरफ लौट रही थी।"
अधिकारी ने बताया कि दोनों बच्चों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दोनों बच्चे अपने माता-पिता के साथ अशोक विहार फेस-प्रथम में रहते थे। बस चालक रमेश को गिरफ्तार कर लिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications