भारतीयों पर हमलों से आस्ट्रेलिया का शिक्षा राजस्व प्रभावित
मेलबर्न, 3 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीयों पर हमलों की घटनाओं के कारण आस्ट्रेनिया का शिक्षा राजस्व प्रभावित हुआ है। ताजा आंकड़ों के अनुसार पिछले तीन महीनों में व्यावसायिक कालेजों में विदेशी छात्रों के आवेदनों पर इन हमलों का नकारात्मक प्रभाव हुआ है।
सरकार द्वारा मंगलवार को जारी आंकड़ों में दिखाया गया कि हाल में भारतीय छात्रों पर हमलों से एक शिक्षा केंद्र के रूप में आस्ट्रेलिया की साख प्रभावित हुई है और विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश चाहने वाले छात्रों की संख्या में तेजी से गिरावट आई है।
बहरहाल भारत से मिलने वाले आवेदनों में भारी गिरावट के बावजूद वर्ष 2009 में अक्टूबर से दिसम्बर के बीच आव्रजन विभाग को 28,403 छात्र वीजा आवेदन हासिल हुए।
समाचार पत्र 'द एज' के अनुसार जहां हर क्षेत्र में छात्रों के वीजा आवेदन में 15 प्रतिशत की गिरावट आई है वहीं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के लिए आवेदनों में 38 प्रतिशत की गिरावट आई है।
शिक्षा आस्ट्रेलिया का चौथा सबसे बड़ा निर्यात उद्योग है। पिछले वर्ष शिक्षा क्षेत्र की आय 17 अरब डॉलर थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications