जयाप्रदा लोकसभा की सदस्य बनी रहेंगी : मीरा कुमार (लीड-1)
भोपाल, 3 फरवरी (आईएएनएस)। लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने कहा है कि समाजवादी पार्टी से निष्कासित किए जाने के बावजूद जयाप्रदा लोकसभा की सदस्य बनी रहेंगी। फिलहाल यह प्रकरण उनके सामने नहीं आया है।
मध्य प्रदेश की राजधानी में आयोजित पीठासीन अधिकारियों और विधानसभा के सचिवों के सम्मेलन के उदघाटन समारोह में हिस्सा लेने आईं मीरा कुमार ने बुधवार को संवाददाताओं से चर्चा के दौरान यह जानकारी दी।
मराठी मानुष के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस देश के सभी नागरिकों को देश में कही भी रहने का पूरा अधिकार है, पूरी स्वतंत्रता है और जितने भी नागरिक है वे सभी देश भक्त हैं।
जब उनसे पूछा गया कि मराठी और गैरमराठी के मुददे का अंत अखिर कब होगा तो उन्होंने कहा कि जिस दिन हम सब इस पर बोलना बंद कर देंगे उसी दिन विवाद का अंत हो जाएगा, जितना इस पर बोलेंगे उतना यह विवाद बढ़ेगा।
महंगाई के सवाल पर उन्होंने कहा कि महंगाई को लेकर तो वह भी बहुत चिंतित हैं, इस पर सदन (लोकसभा) में भी बात उठी थी और चर्चा भी कराई गई थी। महंगाई सभी को छू रही है और खास कर आम व्यक्ति को जो गरीबी की रेखा से नीचे के हैं, वे इससे बहुत ज्यादा त्रस्त हैं।
अधिवेशन का उद्घाटन करते हुए उन्होंने कहा कि तमाम जनप्रतिनिधियों को जनभावनाओं का ख्याल रखकर काम करना चाहिए। उन्हें विभिन्न संस्थाओं में निर्वाचित होकर पहुंचने वाले प्रतिनिधियों को सलाह दी कि वे सदन का समय अनावश्यक अवरोध में खराब न करें। ऐसा करने से जनता के बीच उनकी छवि अच्छी नहीं बनती है।
विधानसभा परिसर में लोकसभा सचिवालय के संसदीय संग्रहालय एवं अभिलेखागार प्रभाग द्वारा मध्य प्रदेश विधानसभा सचिवालय व दृष्य एवं प्रचार निदेशालय के सहयोग से लगाई गई लोकतंत्र के अतीत से वर्तमान प्रदर्शनी का भी मीरा कुमार ने उद्घाटन किया्र।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications