पाकिस्तान में बम विस्फोट, 3 अमेरिकी सैनिकों सहित 8 की मौत (लीड-1)
अधिकारियों ने कहा है कि एनडब्ल्यूएफपी प्रांत में निचले दीर जिले की बालमबाट तहसील के कोटो क्षेत्र में एक विद्यालय के पास हुए विस्फोट में 60 लोग घायल हो गए। घायलों में अधिकत्तर स्कूली लड़कियां शामिल हैं।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने खबर दी है कि मारे गए अमेरिकी पाकिस्तानी फ्रंटियर कॉर्प्स के सैन्य प्रशिक्षक थे। हमले में एक पाकिस्तानी सैनिक और चार स्कूली छात्राओं की भी मौत हो गई है।
पुलिस ने कहा है कि घायलों में कई सारे स्थनीय पत्रकार शामिल हैं। विस्फोट के कारण स्कूल की इमारत और पास के भवन क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
जिले के पुलिस प्रमुख मुमताज जरीन ने कहा है कि यह बम सुरक्षाकर्मियों और विदेशी अतिथियों के काफिले को निशाना बनाने के लिए लगाया गया था। यह काफिला एक स्कूल के फिर से खोले जाने के उपलक्ष्य में आयोजित एक समारोह में हिस्सा लेने जा रहा था।
सेना के अनुसार विस्फोट में एक वाहन भी नष्ट हो गया है।
पाकिस्तानी सुरक्षाबलों ने तालिबान लड़ाकों को खदेड़ने के लिए निचले दीर और अन्य इलाकों में पिछले बसंत ऋतु से ही अभियान छेड़ रखा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications