तेलंगाना की मांग को लेकर बनाई गई सबसे लंबी मानव श्रृंखला
तेलंगाना के लिए बनी संयुक्त कार्रवाई समिति (जेएसी) के बैनर तले समाज के विभिन्न वर्गो के लोगों ने 500 किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला बनाकर केंद्र सरकार से जल्द से जल्द अलग तेलंगाना राज्य के गठन की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की।
राष्ट्रीय राजमार्ग- 7 पर अदीलाबाद से लेकर आलमपुर तक बनाई गई इस मानव श्रृंखला में पुरुष और महिलाओं समेत बच्चों ने भी हिस्सा लिया।
जेएसी के संयोजक एम. कोदनदराम ने संवाददाताओं को बताया कि यह मानव श्रृंखला छह जिलों अदीलाबाद, निजामाबाद, मेडक, रंगारेड्डी, हैदराबाद और महबूबनगर में बनाई गई। उन्होंने कहा, "यह देश की अब तक की सबसे लंबी मानव श्रंखला बनाई गई है।"
जेएसी ने लोगों से अपील की कि मानव श्रंखला बनाने के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों के आवागमन को प्रभावित न किया जाए।
राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) और तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) ने मानव श्रृंखला बनाकर किए जा रहे शांतिपूर्ण प्रदर्शन में हिस्सा लिया था। लेकिन सत्ताधारी दल कांग्रेस के नेता अपनी उपस्थिति को लेकर कुछ स्पष्ट नहीं कर सके।
हालांकि, कोदनदराम ने संवाददाताओं को बताया कि अभी तक कांग्रेस भी जेएसी का हिस्सा है और वह महसूस करते हैं कि सभी दलों के नेताओं को इस विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेना चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications