मैं अपना कार्यकाल पूरा करना चाहती हूं : जया बच्चन
अपने करीबी मित्र अमर सिंह को पार्टी से निकाले जाने के एक दिन बाद जया बच्चन ने एनडीटीवी को बताया, "मैंने अपने परिवार से इस मुद्दे पर बातचीत की है और मैं राज्यसभा में बने रहना चाहूंगी। छह महीने का कार्यकाल बचा है और उसे मैं सम्मानजनक तरीके से पूरा करना चाहती हूं। मैं पार्टी नहीं छोड़ सकती, क्योंकि मैं अपना कार्यकाल पूरा करना चाहती हूं।"
जया बच्चन ने कहा, "यदि वे मेरा इस्तीफा चाहते हैं, तो मैं उसी सूरत में इस्तीफा दूंगी जब मुलायम सिंह जी सामने आकर मुझ से इस्तीफा मांगे।"
बच्चन ने कहा, "राजनीति मेरे बूते का काम नहीं है। मैं बहुत स्पष्ट बात करने वाली हूं। मैं एक अच्छे राजनीतिज्ञ के बदले एक अच्छा इंसान हो सकती हूं। राजनीति में यदि आपके पास कोई विचार भी है तो उसे छुपाने के लिए आपके पास कौशल होना चाहिए। मैं ऐसा नहीं कर सकती क्योंकि मैं बहुत मुखर हूं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications