श्रीनगर में सैन्य वाहन पर पथराव, 4 जवान घायल
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शहर के लालचौक इलाके से पांच किलोमीटर दूर राजमार्ग पर कुछ लोगों ने सैना के दो वाहनों पर पथराव किया। इसमें दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
पुलिस अधिकारी ने बताया, "इस घटना में चार जवानों को मामूली चोटें आई हैं जबकि दो वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। इस दौरान सेना के जवानों ने संयम का परिचय दिया।"
गौरतलब है कि श्रीनगर में रविवार को आंसू गैस के गोले से स्कूली छात्र वमीक फारुक की मौत के बाद लोग पिछले तीन दिनों से प्रदर्शन कर रहे हैं।
फारुक के एक साथी ने कहा कि यह घटना उस वक्त हुई थी जब वे मैदान में क्रिकेट खेल रहे थे और वमीक गेंद लाने गया था।
हालांकि अधिकारियों ने इस मामले में एक उप निरीक्षक को निलंबत कर जांच का आदेश दिया है। अस्पताल में बच्चे की मौत के तुरंत बाद ही लोगों ने शहर के अधिकांश इलाकों में प्रदर्शन शुरू कर दिया था।
अभी तक इस प्रदर्शन में पुलिसकर्मियों और प्रदर्शनकारियों सहित लगभग 100 लोग घायल हो चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications