छात्रा की गोली मारकर हत्या, लोगों ने किया हंगामा
बुलंदशहर, 3 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में बुधवार को मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने ट्यूशन पढ़ने जा रही एक 17 वर्षीय छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या से गुस्साई भीड़ ने जमकर हंगामा करते हुए सड़क जाम कर तोड़फोड़ की। घटना के बाद इलाके में तनाव है।
घटना जिले के गुलावटी इलाके की है, जहां बुलंदशहर मार्ग पर मुंह पर कपड़ा बांधे दो युवकों ने छात्रा रेनू को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। रेनू उस समय अपने भाई के साथ साइकिल से ट्यूशन पढ़ने जा रही थी। वह बुलंदशहर के आर्य कन्या इंटर कॉलेज में कक्षा 12 की छात्रा थी।
छात्रा की हत्या के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने गुलावटी-बुलंदशहर मार्ग जाम कर सार्वजनिक वाहनों में तोड़फोड़ की। मौके पर पहुंची पुलिस से भी उग्र भीड़ ने हाथापाई की।
जिले के पुलिस अधीक्षक (शहर) जे.के. साही ने संवाददाताओं को बताया कि गुस्साई भीड़ को शांत कराकर फिलहाल जाम खुलवा लिया गया है। हालात फिलहाल पूरी तरह से नियंत्रण में हैं। तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
साही ने कहा कि हत्या किन कारणों से हुई इसका पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि छात्रा के परिजनों की शिकायत पर अमित नाम के पीसीओ चलाने वाले 22 वर्षीय युवक को इस संबंध में हिरासत में लेकर कर पूछताछ की जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications