दलित कर्मचारी को एसडीएम ने तमाचा जड़ा, कर्मचारी हड़ताल पर

लखनऊ, 3 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में एक उपजिलाधिकारी के चतुर्थ श्रेणी के एक दलित कर्मचारी को कथित रूप से तमाचा मारने से नाराज सैकड़ों सरकारी कर्मचारी कार्य बहिष्कार कर बेमियादी हड़ताल पर चले गए हैं।

बिजनौर के कोतवाली प्रभारी आर.के.गौतम ने बुधवार को संवाददाताओं को बताया कि राजस्व विभाग में तैनात चतुर्थ श्रेणी के दलित कर्मचारी चंद्रपाल का आरोप है कि मंगलवार देर शाम उपजिलाधिकारी सदर श्यामसुंदर सिंह ने उसे कलेक्ट्रेट परिसर स्थित अपने कार्यालय में न सिर्फ थप्पड़ मारा बल्कि जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल कर गालियां देते हुए कुछ भी कर लेने की धमकी दी।

चंद्रपाल के साथ हुई बदसलूकी से नाराज राजस्व विभाग सहित विभिन्न विभागों के चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी कार्य बहिष्कार कर कलेक्ट्रेट के बाहर सड़क पर उतर आए और उपजिलाधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे।

आक्रोशित कर्मचारियों की मांग है कि उपजिलाधिकारी को निलंबित कर उनके खिलाफ अनुसूचित जाति-जनजाति अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जाए।

उपजिलाधिकारी श्यामसुंदर सिंह ने इस मामले पर ज्यादा कुछ बोलने से इंकार करते हुए संवाददाताओं से केवल इतना कहा कि चंद्रपाल ने गलत तरीके से उनसे कुछ प्रमाण पत्रों पर दस्तखत करवा लिए थे।

जिलाधिकारी ए.वी.राजमौली ने संवाददाताओं से कहा कि मामले की जांच की जा रही है और पीड़ित सरकारी कर्मचारी से बातचीत करके मामले को सुलझाने का प्रयास भी जारी है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+