जनता से दूर होने पर पिछड़ती है कांग्रेस
पटना। दो दिन के लिए बिहार पहुंचे राहुल गांधी ने मंगलवार को राज्य में कांग्रेस की स्थिति के बारे में कहा कि पार्टी जहां भी जनता से दूर होती है वहां वह पिछड़ जाती है और बिहार में ऐसा ही हुआ है। पटना में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में राहुल गांधी बोले कि वह खुद महंगाई के मुद्दे को लेकर प्रधानमंत्री से मिल चुके हैं। महंगाई कम करने के लिए केन्द्र सरकार दृढ़संकल्प है और कुछ ही दिनों में महंगाई पूरी तरह से काबू में आ जाएगी। लेकिन महंगाई रोकने के लिए राज्य सरकारों को भी कुछ आवश्यक कदम उठाने होंगे।
अपने गया संबोधन में राहुल ने मुंबई हमले में शहीद हुए बिहारी जवानों का उल्लेख कर शिवसेना की 'मराठी मानुष' नीति को लताड़ा था। शिवसेना पर फिर से निशाना साधते हुए राहुल ने कहा कि महाराष्ट्र में राज ठाकरे और बाल ठाकरे के क्या कहते हैं इससे उन्हें कोई लेना देना नहीं है। राहुल ने दो टूक शब्दों में कहा कि "हिन्दुस्तान सभी हिन्दुस्तानियों का है। देश में रहने वाला प्रत्येक व्यक्ति भारत में कहीं भी जा सकता है और रह सकता है।"
राहुल ने मुंबई में बिहार के लोगों पर हो रहे हमले के विषय में कहा कि महाराष्ट्र सरकार ऐसे कायरों के खिलाफ जरूरी कानूनी कार्रवाई कर रही है। उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ऊपर कटाक्ष करते हुए कहा कि "बिहार को पांच वषों में जितना बदलना चाहिए उतना नहीं बदला। आज बिहार में बड़े बदलाव की आवश्यकता है।"













Click it and Unblock the Notifications