कश्मीर में दिनभर हुए प्रदर्शन में 40 घायल
श्रीनगर, 2 फरवरी (आईएएनएस)। श्रीनगर में रविवार को आंसू गैस के गोले लगने से हुई युवक की मौत के विरोध में लगातार दूसरे दिन मंगलवार को भी प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच दिनभर झड़पें होती रहीं जिसमें 28 पुलिसकर्मी सहित 40 लोग घायल हो गए।
पुलिस और अर्धसैनिक बल केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के लिए यह काफी चुनौतीभरा दिन रहा क्योंकि पथराव करते प्रदर्शनकारियों को काबू करना इतना आसान नहीं था।
सड़कों पर उतरे प्रदर्शनकारियों को काबू करने के लिए पुलिस ने लाठी चार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े।
अलगाववादी संगठन हुर्रियत कांफ्रेंस ने मंगलवार को हड़ताल की घोषणा की थी। जिसका असर श्रीनगर और अन्य शहरों पर रहा।
सुरक्षा बलों को पथराव कर रही भीड़ को तितर-बितर करने के लिए सफाकदाल और गोजीवारा इलाके में हवाई फायरिंग करनी पड़ी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि मंगलवार को दिनभर चले हिंसा के दौर में 26 पुलिसकर्मी, दो सीआरपीएफ कर्मी सहित 40 लोग घायल हो गए।
उन्होंने कहा कि श्रीनगर और अन्य इलाकों में कानून व्यवस्था की स्थिति सुचारू करने के लिए सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications