नरेगा से 4 करोड़ परिवारों को मिला रोजगार : प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री ने कहा कि जैसा कि आप सब जानते हैं कि पिछले साल बहुत से देशों को बेहद कठिन आर्थिक हालात का सामना करना पड़ा। भारत पर भी दुनिया भर में छाई आर्थिक मंदी का असर तो हुआ लेकिन उस हद तक नहीं, जितना कि कई दूसरे देशों पर। फिर भी, हमारे कुछ प्रमुख उद्योग प्रभावित हुए, जिससे रोजगार में कमी आई। यही नहीं, मानसून की वजह से देश के बहुत से हिस्सों में सूखे के हालात भी पैदा हुए।
उन्होंने कहा कि कई मुख्यमंत्रियों ने मुझे बताया है कि राष्ट्रीय रोजगार गारंटी कार्यक्रम की वजह से ग्रामीण इलाके के हमारे गरीब भाई बहनों को इन मुश्किलात का सामना करने में मदद मिली है। इस कार्यक्रम के तहत मौजूदा साल में 4 करोड़ से ज्यादा परिवारों को रोजगार मिला है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह हमारे लिए इत्मीनान की बात है कि इस प्रोग्राम का फायदा समाज के उन तबकों तक पहुंच रहा है जो सामाजिक और आर्थिक विकास में पीछे रह गए हैं। वित्तीय वर्ष 2009-10 के दौरान इस रोजगार योजना में अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जनजातियों की हिस्सेदारी 52 प्रतिशत रही है। आदिवासी बहुल जिलों में प्रत्येक परिवार को 65 दिन औसत रोजगार मिला जो 48 दिन के राष्ट्रीय औसत से कहीं ज्यादा हैं। इस योजना में महिलाओं की हिस्सेदारी तकरीबन 50 प्रतिशत रहना भी खुशी की बात है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण रोजगार मंत्री डा. सी.पी. जोशी तथा उनके सहयोगियों को इस सम्मेलन के आयोजन के लिए बधाई देता हूं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications